भदोही/औराई। प्राथमिक विद्यालय विक्रमपुर कला में सोमवार को वार्षिकोत्सव एवं शिक्षक-अभिभावक महोत्सव का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः करीब 10:00 बजे हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में औराई विधायक दीनानाथ भास्कर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों के नृत्य और संगीत प्रदर्शन की सराहना करते हुए विधायक ने कहा कि उनका प्रदर्शन अत्यंत प्रेरणादायक और अभिभूत करने वाला है।
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा चयनित नई पीढ़ी के शिक्षक पूरी तरह प्रशिक्षित हैं और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा और विकास योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचेगा, तब तक यह सपना अधूरा रहेगा।
इस अवसर पर विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को बैग सहित अन्य सामग्री देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका आराधना दुबे ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की अध्यापिका मृदुला ने किया और अंत में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर देवेंद्र दुबे, शैलेंद्र दुबे, आशीष दुबे, मुन्नू, अंकित मिश्रा, विजय शंकर दुबे, प्रमोद पाठक और भूपेंद्र दुबे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






