जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक समस्या से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अशोक कुमार गुप्ता ने कहा कि हमारी जीवन शैली भी जलवायु परिवर्तन की एक बड़ी वजह है, जिसे सुधारकर हम धरती को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने यह बातें उच्च प्राथमिक विद्यालय कंसापुर, ज्ञानपुर में अभियान के 3102वें दिन विद्यालय के बच्चों और शिक्षिकाओं के साथ जामुन के वृक्ष का पौधरोपण करते हुए कहीं। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने कार्बन फुटप्रिंट में कमी लाकर पर्यावरण संरक्षण के इस पावन कार्य में भागीदार बन सकता है।
अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि निजी वाहनों के अत्यधिक उपयोग से प्रदूषण बढ़ता है, इसलिए हमें अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करना चाहिए। साथ ही छोटी दूरी तय करने के लिए पैदल चलने या साइकिल का उपयोग करने की आदत डालनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बच्चों को वृक्षारोपण के महत्व के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर नीलम मौर्य, रानी गुप्ता, गरिमा, आंचल और अर्जुन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






