जनपद प्रयागराज में राजस्व विभाग एक बार फिर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। सोरांव तहसील के मऊआइमा क्षेत्र में तैनात लेखपाल शारदा पांडे के खिलाफ भाजपा नेता निमिष खत्री ने गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र में आरोप है कि संबंधित लेखपाल जमीन से जुड़े कार्यों के नाम पर आम लोगों से अवैध वसूली कर रही हैं। बिना रिश्वत दिए लोगों के कार्यों को लंबित रखा जाता है, जिससे क्षेत्रीय जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा नेता ने दावा किया है कि उनके पास रिश्वत मांगने से संबंधित ऑडियो और वीडियो साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें जांच के दौरान प्रस्तुत किया जा सकता है।
निमिष खत्री का कहना है कि इस तरह की घटनाएं सरकार की छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं और जनता का भरोसा भी कमजोर कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम स्तर पर सरकारी योजनाओं और जमीन संबंधी कार्यों में अनियमितताएं लगातार बढ़ रही हैं।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि लेखपाल और उनके सहयोगियों द्वारा अवैध वसूली का संगठित खेल चलाया जा रहा है, जिसके कई उदाहरण सामने आए हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, जांच में उपलब्ध सभी ऑडियो-वीडियो साक्ष्यों को शामिल करने की भी अपील की गई है।
फिलहाल, इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही जांच शुरू हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आरोपों की सच्चाई सामने आ पाती है या नहीं। फिलहाल यह मामला जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है।






