प्रयागराज। चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व और रामनवमी के शुभ अवसर पर लालापुर क्षेत्र के अमिलिया तरहार स्थित सिद्ध पीठ मसुरियन माता मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। नौ दिनों तक चले शक्ति संचय के अनुष्ठान के अंतिम दिन माता के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ जुटी। माता के दरबार में शीश नवाने के लिए केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि प्रयागराज, कौशाम्बी, चित्रकूट और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के रीवा जिले से भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने गाजे-बाजे के साथ माता को निशान (ध्वज) चढ़ाया और सुख-समृद्धि की मन्नतें मांगी। पूरे मंदिर परिसर में ‘जय माता दी’ के जयकारों की गूंज रही।
भारी भीड़ को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लालापुर पुलिस की टीम मुस्तैद रही। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की मौजूदगी के कारण दर्शनार्थियों को सुगमता से दर्शन प्राप्त हुए। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मसुरियन माता के दरबार से कोई भी खाली हाथ नहीं लौटता। यही कारण है कि चैत्र नवरात्रि के पूरे नौ दिन यहाँ श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।






