भदोही। मेरा युवा भारत भदोही द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर शहीद झूरी सिंह पार्क में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नागमलपुर से शहीद स्थल तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के उपरांत स्वतंत्रता सेनानी झूरी सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, त्याग और बलिदान के बारे में जानकारी दी गई तथा राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
अतिथि रामेश्वर सिंह ने कहा कि शहीदों के बलिदान के कारण ही आज देश स्वतंत्र है और आजादी को बनाए रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
जिला युवा अधिकारी रामगोपाल सिंह चौहान ने युवाओं से भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राकेश पांडेय, राकेश पाठक, शिवम राय, निधिश पांडेय, आशीष कुमार, पंकज कुमार, अनुज पांडेय सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।





