जंगीगंज। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित विकसित भारत “यूथ पार्लियामेंट-2026” में रामदेव पी.जी. कालेज जंगीगंज, संत रविदास नगर,भदोही की एम.ए. (हिन्दी साहित्य) की छात्रा वैशाली अग्रहरि ने केन्द्रीय बजट-2026 एवं विकसित भारत-2047 विषय पर जोरदार एवं प्रभावशाली संबोधन प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम उत्तर प्रदेश विधानसभा, लखनऊ में आयोजित हुआ। वैशाली अग्रहरि ने अपने संबोधन में कहा,
“यह केन्द्रीय बजट केवल एक आर्थिक दस्तावेज नहीं है, अपितु यह गाँवों के विकास, युवाओं की आशाओं और गरीबों के सपनों को साकार करने वाला एक प्रेरणादायी दस्तावेज है। यह बजट भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मजबूत, ठोस और दूरदर्शी कदम है।”
उनके प्रभावशाली वक्तव्य की सराहना की गई और उन्होंने प्रतिनिधित्व करते हुए अपने महाविद्यालय तथा जिले का नाम रोशन किया।
महाविद्यालय में वापसी पर वैशाली अग्रहरि का भव्य स्वागत किया गया। महाविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष राजबली मिश्र ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पुरस्कृत किया तथा कहा कि वैशाली ने न केवल व्यक्तिगत स्तर पर बल्कि पूरे संस्थान का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।प्राचार्य डॉ. पंकज कुमार शुक्ल ने कहा कि हम सब वैशाली के प्रदर्शन पर बेहद गर्वित महसूस कर रहे हैं। यह उपलब्धि संस्थान के लिए गौरव का विषय है और छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी।इस अवसर पर आई.क्यू.ए.सी.समन्वयक डॉ०त्रिनेत्र राम तिवारी व अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।






