उन्नाव। नारी शक्ति को केवल एक इकाई नहीं बल्कि संस्कृति, परंपरा और सृजन का आधार स्तंभ मानते हुए विकास खंड सिकंदरपुर कर्ण के प्राथमिक विद्यालय अचलगंज-2 (अंग्रेजी माध्यम) में नवरात्रि के पावन अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाध्यापिका एवं प्राथमिक शिक्षक संघ की महिला उपाध्यक्ष प्रतिभा मिश्रा के नेतृत्व में छात्राओं ने मां दुर्गा के विभिन्न शक्ति स्वरूपों को आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत कर समाज को नारी सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में छात्राओं द्वारा बनाए गए रंग-बिरंगे और भावपूर्ण पोस्टरों की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें मां दुर्गा के नौ रूपों के साथ-साथ महिलाओं की शक्ति, साहस और आत्मनिर्भरता को दर्शाया गया। इन पोस्टरों के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि नारी केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर प्रतिभा मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को ‘गृहलक्ष्मी’ और ‘शक्ति’ के रूप में पूजा जाता है। उन्होंने बताया कि महिलाएं सामर्थ्य, भक्ति और सामाजिक समृद्धि की प्रतीक हैं। आज की आधुनिक महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन और हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और एक बेहतर भविष्य का निर्माण कर रही हैं। उन्होंने यह भी जोर दिया कि सच्चा सशक्तिकरण तभी संभव है जब महिलाओं की बुद्धिमत्ता, क्षमता और निर्णय लेने की शक्ति को महत्व दिया जाए, न कि उन्हें केवल सुंदरता के दृष्टिकोण से देखा जाए। इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास और जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सराहा गया और उन्हें भविष्य में भी इसी तरह समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।






