प्रयागराज। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति 5.0” के द्वितीय चरण के तहत गंगानगर जोन कमिश्नरेट प्रयागराज में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान ने न केवल सुरक्षा का भरोसा मजबूत किया, बल्कि महिलाओं में आत्मविश्वास भी बढ़ाया।
यह अभियान श्रीमान पुलिस आयुक्त महोदय एवं अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन में तथा पुलिस उपायुक्त गंगानगर व अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के कुशल पर्यवेक्षण में संचालित हुआ। गंगानगर जोन के समस्त थानों की महिला पुलिसकर्मियों और मिशन शक्ति टीमों ने बुधवार को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए विभिन्न स्थानों पर जन-जागरूकता फैलाने का कार्य किया। अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया गया। पुलिस टीमों ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को उनके लाभों के प्रति जागरूक किया। विशेष रूप से बालिकाओं और छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई, ताकि वे किसी भी प्रकार के ऑनलाइन शोषण या धोखाधड़ी से बच सकें। टीमों ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल डायल-112 या मिशन शक्ति टीम से संपर्क करें। अभियान के दौरान महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। इनमें पुलिस आपात सेवा-112, वूमेन पावरलाइन-1090, महिला हेल्पलाइन-181, सीएम हेल्पलाइन-1076 तथा साइबर हेल्पलाइन-1930 प्रमुख रूप से शामिल रहे। साथ ही, मिशन शक्ति केंद्रों की भूमिका और उनकी सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। जागरूकता के इस क्रम में पम्पलेट वितरित कर लोगों को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराई गईं। गंगानगर जोन में चलाया गया यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पुलिस प्रशासन की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। इस पहल से स्पष्ट है कि शासन और प्रशासन मिलकर महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।






