प्रभु श्रीराम, माता सीता व लक्ष्मण का दर्शन पाकर भाव विभोर हुए श्रद्धालु
जय-जय श्री राम के नारों से गूंजा शंकरगढ़ क्षेत्र, उमड़ी भारी भीड़
प्रभारी निरीक्षक ने शांति व्यवस्था हेतु पुलिस बल के साथ संभाली कमान
राजदेव द्विवेदी
प्रयागराज।शंकरगढ़ में धूमधाम से राम दल की शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। यह यात्रा व्यापार मंडल शंकरगढ़ के नेतृत्व में आयोजित की गई थी और शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में शामिल लोगों ने जय श्री राम के नारों के साथ डीजे की धुन पर भक्ति गीतों के साथ अपनी आस्था का प्रदर्शन किया। शोभा यात्रा में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की आकर्षक झांकियां शामिल थीं, जिन्हें देखकर लोगों की आंखें फटी की फटी रह गईं।यात्रा में ढोल ताशे की धुन पर लोग थिरकते नजर आए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया।
शंकरगढ़ के राज परिवार ने भी इस यात्रा में भाग लिया और अपनी परंपराओं का प्रदर्शन किया।शोभा यात्रा सदर बाजार, पुरानी बाजार और राम भवन चौराहा होते हुए शंकरगढ़ राज भवन पर पहुंची, जहां राजा महेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों को आशीर्वाद दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और उन्होंने राजा को नजराना पेश किया। यह यात्रा न केवल आस्था का प्रतीक रही बल्कि सामाजिक एकता भाईचारे और परंपराओं का अद्भुत संदेश भी देती दिखी। हर गली चौराहों पर लोगों ने श्रद्धा और उत्साह से स्वागत करते हुए इस रामदल यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया। शोभा यात्रा के दौरान पूरे नगर में उमंग उल्लास और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।शोभा यात्रा के लिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस शोभा यात्रा में व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद केसरवानी, मूलचंद गुप्ता, सुधा गुप्ता, पंकज गुप्ता, धीरज सोनी, रोहित केसरवानी, रतन केसरवानी, रेवती (बंटी) केसरवानी, मुकेश केसरवानी, रामजतन बंसल, जय केसरवानी, अनूप केसरवानी, ज्योति कनौजिया, उमा वर्मा बारी, सतीश विश्वकर्मा, अखिलेश सिंह पटेल, राजेश केसरवानी समेत सैकड़ो व्यापारी, नगर वासी, ग्रामीण क्षेत्र के श्रद्धालु एवं राजनीतिक पार्टियों के लोग शामिल रहे।






