Home अपराध सौम्य सरल स्वभाव के धनी खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय का...

सौम्य सरल स्वभाव के धनी खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय का ह्रदय गति रुकने से निधन▪️बीईओ विनोद पाण्डेय का सहज, सहयोगी एवं कर्मठ व्यक्तित्व सदैव रहेगा स्मरणीय – बीएसए संगीता सिंह

428
0

सौम्य सरल स्वभाव के धनी खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय का ह्रदय गति रुकने से निधन
▪️बीईओ विनोद पाण्डेय का सहज, सहयोगी एवं कर्मठ व्यक्तित्व सदैव रहेगा स्मरणीय – बीएसए संगीता सिंह

उन्नाव। बड़े गौर से सुन रहा था जमाना तुम्हें, तुम्हीं सो गए दास्तां कहते कहते। बिछड़ा कुछ इस अदा से की रुत ही बदल गई। एक शख्स पूरे जिले के अधिकारियों एवं सहकर्मियों और शिक्षकों को वीरान कर गया। सुबह का मंजर बदल गया, बादलों में घनघोर घटाएं छा गई, मौसम ने भी अपना मिजाज बदल दिया। जब खण्ड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय का हृदयाघात से निधन का समाचार मिला तो सब के गले रूँध गए और आसमां ने भी रो दिया। यह सब कैसे हो गया जिले के शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं उनके सहकर्मी और शिक्षक सब लोग बीईओ विनोद पाण्डेय के आवास की ओर भागे। हर दिल अजीज, मिलनसार एवम सौम्य सरल स्वभाव के धनी खंड शिक्षा अधिकारी विनोद पांडेय ने दुनिया को आखिरकार अलविदा कह दिया। पोस्टमार्टम हाउस में जनपद के विभिन्न ब्लॉकों के शिक्षक साथियों की उमड़ी भीड़ ने यह साबित करने के लिए पर्याप्त थी कि वास्तव में वह एक नेक दिल इंसान थे।
बतातें चलें कि जनपद के बिछिया ब्लॉक में तैनात खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय पुत्र स्व. दुर्गा चरन का शनिवार को ह्रदय गति रुकने से निधन हो गया। वह करीब 55 वर्ष थे। खंड शिक्षा अधिकारी के असामयिक मौत से बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं सहकर्मियों और शिक्षक कर्मचारियों में शोक की लहर व्याप्त है। वे अपने पीछे पत्नी रंजना व इकलौती बेटी शिवांगी समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गये। बीईओ विनोद कुमार पाण्डेय के निधन की सूचना पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया।
बतातें चलें कि उन्नाव जनपद के कोतवाली थाना अंतर्गत सिविल लाइंस स्थित बब्बू पाण्डेय के मकान के ऊपरी मंजिल में किराये के आवास में अकेले खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय रहते थे। वह मूल रूप से जालौन जनपद के उठवा गांव के मूल निवासी थे। मौजूदा समय में इटावा शहर की सदर कोतवाली क्षेत्र के विनीत विहार कालोनी में अपना मकान बना कर रहते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को बीईओ विनोद पाण्डेय की मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में ड्यूटी लगी हुई थी। इसलिए उन्होंने चालक को सुबह जल्दी बुलाया था। चालक ने कई फोन मिलाया लेकिन काल रिसीव नहीं हुई। देर होती देख वह ऊपर पहुंचा तो कमरे का दरवाजा बंद था। आवाज देने पर भी नहीं खुला इसपर उसने मकान मालिक को बताया फिर किसी तरह दरवाजा खोलकर वह लोग बाथरूम में पहुंचे तो बीईओ विनोद पाण्डेय अचेत पड़े थे। यह देख विभागीय लोगों को सूचना देकर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उनके पार्थिव शरीर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की खबर पाकर इटावा से पत्नी रंजना व इकलौती बेटी शिवांगी दोपहर बाद पोस्टमार्टम हाउस पहुंची और शव देखते अचेत हो गई। बीएसए संगीता सिंह व साथ अन्य शिक्षिकाओं ने पोस्टमार्टम हाउस में बिलखती पत्नी रंजना व बेटी शिवांगी और और भाई प्रमोद कुमार पांडेय को ढांढस बंधाया। उनके साले राहुल ने बताया कि वह तीन भाइयों में छोटे थे। उनके केवल एक बेटी शिवांगी है। जो बीटेक कर रही है। नवंबर में उसकी शादी है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संगीता सिंह ने कहा कि खण्ड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पांडेय के चिर निद्रा में लीन होने की खबर से हर कोई स्तब्ध है। उनका सहज, सहयोगी एवं कर्मठ व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा। ईश्वर मृत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस अप्रत्याशित दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे।
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय के निधन पर बीईओ संजय यादव, बीईओ अखिलेश वर्मा, बीईओ देवेंद्र कुमार, बीईओ मनींद्र कुमार, बीईओ विनय कुमार, बीईओ अनीता शाह, बीईओ शुचि गुप्ता, विभागीय कानपुर मण्डल के चार्टर्ड अकाउंटेंट के सहायक दिलीप कुमार वर्मा, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय मन्त्री एवम जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय व ब्लॉक अध्यक्ष सुमेरपुर विनोद सिंह और संघर्ष समिति सुमेरपुर ब्लॉक अध्यक्ष देश दीपक पाण्डेय, बीईओ विनोद पाण्डेय के बेहद करीबी शिक्षक निखिल बाजपेई, जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्ण शंकर मिश्रा व प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय कनौजिया और वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष वेद नारायण मिश्रा, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष भरत चित्रांशी व जिला मन्त्री संकल्प मिश्रा और कोषाध्यक्ष सोनू बाजपेई व धर्मेश श्रीवास्तव, गणेश शंकर गुप्ता सहित समस्त खंड शिक्षा अधिकारी और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारियों, शिक्षामित्र व अनुदेशकों समेत भारी संख्या में लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए नम आँखों से अश्रुपूरित श्रद्धांजलि समर्पित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here