खबर छपने के बाद हरकत में आई पुलिस, सगे भाई की हत्या के आरोपों की जांच तेज, गोपनीय शिकायत से सामने आया मामल
▪️पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर जुटाए तथ्य, शिकायत में संपत्ति विवाद को बताया गया हत्या का कारण
मऊआइमा(प्रयागराज)। सगे भाई की हत्या कर शव को गुपचुप तरीके से दफनाए जाने के आरोप से जुड़ी खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भेजे गए गोपनीय पत्र में लगाए गए आरोपों की जांच तेज कर दी है।
मामला नगर पंचायत मऊआइमा के मोहल्ला हाजियाना से जुड़ा है। गोपनीय पत्र में यहां रहने वाले कुछ सगे भाई-बहनों पर संपत्ति विवाद को लेकर अपने ही भाई की कथित हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में दावा किया गया कि फरवरी माह में विवाद के दौरान मारपीट हुई और इसी दौरान गला दबाकर भाई की हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को कथित तौर पर करीब 200 मीटर दूर ले जाकर छिपाया गया और बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले से संबंधित खबर प्रकाशित होने के बाद पुलिस ने शिकायत में उल्लिखित घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए छानबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही कथित घटनास्थल, शव ले जाने के बताए गए रास्ते और अन्य संबंधित स्थानों के बारे में जानकारी जुटा रही है। गोपनीय शिकायतकर्ता का दावा है कि यदि पुलिस आसपास के लोगों से निष्पक्ष और गोपनीय तरीके से पूछताछ करती है तो कथित घटना से जुड़े तथ्य सामने आ सकते हैं। हालांकि, अभी तक पुलिस की जांच में हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। अब जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि गोपनीय पत्र में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और कथित घटना का वास्तविक स्वरूप क्या है।






