मऊआइमा (प्रयागराज)। कस्बा पुलिस चौकी से महज 20 मीटर की दूरी पर बेखौफ बदमाश ने दिनदहाड़े एक युवक के साथ मारपीट कर नकदी लूट ली। पीड़ित ने स्थानीय थाने में नामजद तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम बटहा खानपुर निवासी गंगादीन साहू पुत्र श्यामलाल साहू के मुताबिक, रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह पक्का तालाब के पास हनुमान मंदिर के पीछे वाले मार्ग से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कस्बे के ही एक युवक ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। दहशत का फायदा उठाकर आरोपी उनकी जेब में रखे 380 रुपये नकद छीनकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस चौकी के बेहद करीब हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित गंगादीन साहू ने मऊआइमा थाने में नामजद तहरीर देते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लूटी गई रकम बरामद करने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





