महराजगंज/भदोही, सोमवार।
भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र अंतर्गत महराजगंज इलाके में सोमवार दोपहर करीब 11:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वाराणसी की ओर जा रहे ट्रक और टेलर के बीच हुई जोरदार टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक (संख्या: UP 63 H 9500) और टेलर (संख्या: RJ19 GK 2040) एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक की कमानी (स्प्रिंग) अचानक टूट गई, जिससे चालक का वाहन पर नियंत्रण समाप्त हो गया। अनियंत्रित ट्रक का स्टेयरिंग दाहिनी ओर मुड़ गया, तभी पीछे से आ रहा तेज रफ्तार टेलर ट्रक से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेलर चालक रंगलाल (55 वर्ष), निवासी बियावल, अजमेर (राजस्थान) का पैर स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से उन्हें बाहर निकाला।
घायल रंगलाल को तत्काल औराई अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। वहीं ट्रक में सवार उमाशंकर, निवासी मिर्जापुर, भी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मिर्जापुर अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही 102 और 108 एंबुलेंस सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। एंबुलेंस चालक एमटी शैलेन्द्र कुमार ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए घायलों को सुरक्षित निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचाया। उनकी इस कार्यशैली की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत-बचाव टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आवागमन बहाल कराया।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रक की तकनीकी खराबी (कमानी टूटना) बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।






