Home राज्य उत्तर प्रदेश पूरे लोटाढ़ संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील, आवागमन में भारी फजीहत

पूरे लोटाढ़ संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील, आवागमन में भारी फजीहत

146
0

पूरे लोटाढ़ संपर्क मार्ग गड्ढों में तब्दील, आवागमन में भारी फजीहत

विद्रोही सामना संवाददाता

प्रयागराज। बारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत स्थित पूरे लोटाढ गांव को जोड़ने वाला संपर्क मार्ग वर्तमान में पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। कौंधियारा मुख्य मार्ग से शुरू होकर पूरे लोटाढ तक जाने वाली इस सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि यह कई स्थानों पर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इससे न केवल आमजन को बल्कि विद्यार्थियों और आपातकालीन सेवाओं को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गांव का एकमात्र संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, किसान, महिलाएं और बुजुर्ग आवागमन करते हैं। खास बात यह है कि इसी मार्ग पर एक प्राथमिक विद्यालय भी स्थित है, जहां छोटे-छोटे बच्चे रोजाना इसी जर्जर सड़क से होकर स्कूल जाते हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब कीचड़ और पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
सड़क संकरी, मवेशियों की बाधा भी गंभीर समस्या
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सड़क पहले से ही संकरी है, जिससे दो वाहन आमने-सामने आने पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके अलावा, रास्ते के किनारे कुछ ग्रामीणों द्वारा मवेशी बांध दिए जाते हैं, जिससे राहगीरों को चलने में और भी कठिनाई होती है। मां गायत्री ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, पूरे लोटाढ के चेयरमैन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने चिंता जताते हुए कहा कि इस मार्ग की बदहाली से क्षेत्र के विकास में बाधा उत्पन्न हो रही है। “छात्रों की शिक्षा, ग्रामीणों की आजीविका और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है,” उन्होंने कहा।
स्वास्थ्य सेवाओं में भी हो रहा विस्तार, 120 बेड का अस्पताल निर्माणाधीन
इसी क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत स्वo उमेद चंद स्मृति चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र की भी स्थापना की जा रही है, जो यमुनापर क्षेत्र का प्रथम 120 बेड का अस्पताल होगा। इस अस्पताल के निर्माण से न केवल पूरे लोटाढ बल्कि आसपास के गांवों के हजारों लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। ऐसे में संपर्क मार्ग का सुधरा होना और भी आवश्यक हो गया है।
ग्रामीणों ने दी चेतावनी, नहीं हुआ सुधार तो करेंगे आंदोलन
ग्रामीणों की एक सुर में मांग है कि इस संपर्क मार्ग का यथाशीघ्र चौड़ीकरण एवं मरम्मत कार्य कराया जाए। उनका कहना है कि कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को इस विषय में अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।सूत्रों के अनुसार, यदि शीघ्र ही मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि वे आगामी पंचायत चुनावों का बहिष्कार भी कर सकते हैं।
अब प्रशासन पर है जिम्मेदारी
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को कितनी प्राथमिकता देता है और कब तक इस मार्ग की मरम्मत एवं चौड़ीकरण कार्य शुरू करता है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि सरकार और प्रशासन उनकी वर्षों पुरानी मांग को जल्द सुनवाई देंगे और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here