प्रयागराज। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण योजना “मिशन शक्ति 5.0” के अंतर्गत रविवार को गंगानगर जोन कमिश्नरेट के सभी थानों की महिला पुलिसकर्मियों व मिशन शक्ति टीमों द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस आयुक्त व अपर पुलिस आयुक्त के निर्देशन तथा पुलिस उपायुक्त गंगानगर एवं अपर पुलिस उपायुक्त गंगानगर के कुशल पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, कस्बों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर जागरूकता फैलायी। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और छात्राओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सहायता योजनाओं के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक न खोलने, किसी संदिग्ध व्यक्ति की मित्रता स्वीकार न करने और व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने की सलाह भी दी गई। मिशन शक्ति टीम ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल बिना हिचक शिकायत करें। महिला पुलिसकर्मियों द्वारा सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 112 (पुलिस आपात सेवा), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (सीएम हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और पम्पलेट भी वितरित किए गए। मिशन शक्ति 5.0 अभियान का उद्देश्य सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि हर महिला और बालिका के भीतर आत्मविश्वास जगाना है कि वे सुरक्षित हैं, समर्थ हैं और हर कदम पर पुलिस उनके साथ खड़ी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here