
सुमेरपुर(उन्नाव)। पुलिस अधीक्षक उन्नाव के कुशल निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। इसी क्रम में थाना बिहार की मिशन शक्ति टीम प्रभारी उप निरीक्षक रेखा दुबे के नेतृत्व में महिला कांस्टेबल पूनम राजपूत, कांस्टेबल शैलेश यादव, हेड कांस्टेबल सईद अहमद व हेड कांस्टेबल नीरज सिंह द्वारा शनिवार 25 अक्टूबर को श्री भगवान बक्श सिंह इंटर कॉलेज, वाजितपुर में छात्राएँ एवं छात्रों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम प्रभारी उप निरीक्षक रेखा दुबे ने नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन पर केंद्रित संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि पुलिस हमेशा नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर है, किन्तु जागरूकता से ही अपराधों की रोकथाम संभव है। छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ किसी भी प्रकार की शंका व खतरे की स्थिति में तुरंत सहायता मांगने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने बताया कि 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस, फायर व एम्बुलेंस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड लाइन, 1930 साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन, 102/108 स्वास्थ्य व एम्बुलेंस सेवाएँ हमेशा महिलाओं की सुरक्षा हेतु सक्रिय हैं। इसके अतिरिक्त, गुड टच–बैड टच, घरेलू हिंसा से जुड़े कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों के खतरे व उनसे बचाव के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में आवाज उठाना और कानून का सहयोग लेना उनका अधिकार है। टीम ने यह भी बताया कि जनपद के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ महिलाओं को त्वरित सहायता, परामर्श, शिकायतों के निस्तारण एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाती है। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को “जागरूक बनें, सुरक्षित रहें” का संकल्प दिलाया गया। विद्यालय प्रबंधन ने इस जनहितकारी पहल के लिए उन्नाव की बिहार पुलिस का आभार व्यक्त किया।






