डुगडुगवा में जलभराव से मचा हाहाकार : नाली ध्वस्त, सड़कों पर फैला गंदा पानी, बीमारी का बढ़ा खतरा▪️ डीएम से नाला निर्माण की लगाई गुहार, मुख्यमंत्री तक पहुंची शिकायत, फिर भी जिम्मेदारों की नहीं टूटी नींद

आजमगढ़। जनपद के सदर तहसील के अंतर्गत ग्राम डुगडुगवा के हालात इन दिनों किसी मुसीबत से कम नहीं हैं। गांव की जर्जर नाली तंत्र और बरसों से उपेक्षित जलनिकासी व्यवस्था ने पूरे क्षेत्र को बीमारियों के दलदल में धकेल दिया है। सड़कों पर फैला गंदा पानी अब घरों के भीतर घुसने लगा है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बुखार, त्वचा रोग और संक्रमण जैसी बीमारियों ने कई परिवारों को अपनी चपेट में ले लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। अब जनता खुद जिलाधिकारी आजमगढ़ से नाला बनवाने की गुहार लगा रही है ताकि गांव को इस जलभराव की त्रासदी से मुक्ति मिल सके।
ग्रामीणों ने अपनी शिकायत की प्रतिलिपि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा मुख्य विकास अधिकारी आजमगढ़ को भी भेजी है। साथ ही जगह-जगह रुके गंदे पानी की तस्वीरें भी साक्ष्य के रूप में संलग्न की गई हैं। गांव के लोगों का कहना है कि “पच्चीसों साल पुरानी नाली टूटकर मिट्टी में मिल गई है, पानी अब घरों के अंदर तक भर रहा है। बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।”
ग्रामीणों की एकजुट अपील है — “हम नाला नहीं, जीवन की सुरक्षा मांग रहे हैं।”

फोटो 📸-
ग्राम डुगडुगवा की गलियों में रुका हुआ गंदा पानी, ध्वस्त नाली और सड़कों पर पसरी गंदगी से परेशान ग्रामीण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here