लालगंज (रायबरेली)। बरातीलाल गंगाराम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लालगंज में शनिवार को ‘स्मार्टगांव’ संस्था द्वारा आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिता के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता का मुख्य विषय “राष्ट्र के प्रति भारतीयों के अधिकार और कर्तव्य” था, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों ने ऑनलाइन भाषण वीडियो अपलोड कर प्रतिभा दिखाई।
समारोह का शुभारंभ सरस्वती वंदना व दीप प्रज्वलन से हुआ। उपप्रधानाचार्य चंद्र प्रकाश पांडेय ने ‘स्मार्टगांव’ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता ग्रामीण छात्रों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी। संस्था के प्रतिनिधि व विद्यालय मीडिया प्रभारी नीरज पांडेय ने बताया कि इसका उद्देश्य ग्रामीण भारत को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है। प्रमाण पत्र वितरण के दौरान छात्रों का उत्साह देखने लायक रहा। अंश प्रताप सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त कर पंद्रह सौ रूपये का पुरस्कार जीता। कक्षा 10 की छात्राओं में अर्चिका, मनस्वी व कुशाग्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता ने उन्हें आत्मविश्वास के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी प्रस्तुति देने का अवसर दिया।प्रतिभागी छात्रों में अभय केसरवानी, सूर्यांश दीक्षित, रुद्र प्रताप सिंह, मनस्वी साहू ,अंश प्रताप सिंह,अर्चिका, अक्षत चौरसिया, अंश त्रिवेदी, आयुष तिवारी, कुशाग्री यादव और नैतिक सिंह भी शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन विज्ञान शिक्षक संजय सिंह और आलोक मिश्रा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here